देहरादून। आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में वाइब्रेंट विलेज प्रोजेक्ट की स्टेट लेवल स्क्रीनिंग कमेटी (एसएलएससी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के अंतर्गत चयनित सीमांत गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए लगभग 402 करोड़ रुपये के नए प्रस्तावों को समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।

इन प्रस्तावों के तहत सीमांत गांवों में पर्यटन हाउसिंग, ग्राम अवसंरचना, सड़क संपर्क, सामाजिक विकास, अस्पताल, खेल मैदान, स्मार्ट कक्षाएं, स्मॉल जिम सेंटर, सोलर स्ट्रीट लाइट और कृषि उत्थान से जुड़े विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे तथा गांवों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत किए जा रहे सभी विकास कार्य पूर्ण पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन गांवों में किए जाने वाले विकास कार्य इतने उत्कृष्ट हों कि ये अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणादायक आदर्श गांव बन सकें।

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं से प्राप्त होने वाले परिणाम, स्थानीय लोगों की आजीविका में संभावित सुधार और दीर्घकालिक लाभ का स्पष्ट विवरण भी साझा किया जाए, ताकि योजना के प्रभाव का समुचित मूल्यांकन किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *