देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद राज्य सरकार अब प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में प्रदेश के हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेल की सफल मेजबानी की थी। इस आयोजन में राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया। इस आयोजन के बाद उत्तराखंड को देश में एक उभरती हुई खेलभूमि के रूप में पहचान मिली है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के लिए राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। सरकार ने लेगेसी पॉलिसी बनाकर इस खेल ढांचे का उपयोग खेल अकादमियों के रूप में करने का निर्णय लिया है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके। इस दिशा में शासन स्तर पर कार्यवाही जारी है।
वहीं प्रश्नकाल के दौरान रेखा आर्या पर्वतीय क्षेत्रों में खेल मैदान और मिनी स्टेडियम से जुड़े सवाल का जवाब दे रही थीं। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए लगभग 1.18 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है। इसके निर्माण के लिए करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
