नई टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल 2026 के प्रथम दिवस की संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सराबोर रही। कोटी कॉलोनी स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या में लोक संस्कृति, परंपरा और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भाग लेकर प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूर्व आयोजित फैशन शो के अंतर्गत मिस टिहरी प्रतियोगिता में 32 तथा मिस्टर टिहरी प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जज की भूमिका में देहरादून में जन्मी और मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय अभिनेत्री व कथक नृत्यांगना आरती शाह मौजूद रहीं। उनके साथ देहरादून निवासी अभिनेता, थिएटर आर्टिस्ट और मॉडल अनुराग जोशी ने भी निर्णायक की भूमिका निभाई।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत नई टिहरी रामलीला मंच द्वारा प्रस्तुत माधोसिंह भंडारी पर आधारित नाट्य मंचन से हुई। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से वीरता और शौर्य की ऐतिहासिक गाथा को जीवंत कर दिया। इसके बाद खुले आकाश के नीचे आकर्षक लेजर शो आयोजित किया गया, जिसमें पुराने टिहरी के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में आगे पांडवाज दल द्वारा पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों के साथ शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। लोक संगीत की मधुर धुनों और ऊर्जावान प्रदर्शन ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर किशोर उपाध्याय, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए टिहरी लेक फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
