देहरादून। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा तैयार किया जा रहा शहर का पहला फूड कोर्ट डेस्टिनेशन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है और जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
यह फूड कोर्ट महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के निकट रायपुर-थानों रोड पर बनाया जा रहा है, जो नगर निगम की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है। यह स्थान शहरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक फूड स्पेस प्रदान करेगा, जहां विभिन्न राज्यों और देशों के व्यंजनों का स्वाद एक ही स्थान पर लिया जा सकेगा।
थानों रोड पर बन रहे इस फूड कोर्ट में कुल 31 संगठित दुकानों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। परिसर में स्वच्छता, शौचालय, ओपन डाइनिंग, लाइट शो, बैठने की व्यवस्थित व्यवस्था और पर्यटकों के लिए वॉकिंग गैलरी/पाथवे जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। थानो-एयरपोर्ट मार्ग पर अधिक यातायात को देखते हुए यहां पर्याप्त पार्किंग क्षेत्र का भी निर्माण किया गया है।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि देहरादून को उन शहरों की तर्ज पर विकसित करने की योजना है, जहां इंदौर मॉडल के अनुसार फूड कोर्ट या फूड पार्क स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में फूड पार्क में सौंदर्यकरण, ब्यूटीफिकेशन और साइनबोर्ड लगाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह फूड कोर्ट शहरवासियों और पर्यटकों के लिए भीड़-भाड़ और ट्रैफिक से दूर उत्तराखंड के स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड का आनंद लेने का नया और आकर्षक स्थल बनेगा। साथ ही यह परियोजना स्थानीय युवाओं और व्यापारियों के लिए रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी और शहर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगी।
