हल्द्वानी |
यूजेवीएन लिमिटेड के अभियंताओं ने “24वीं उत्तराखंड राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निगम का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में आयोजित हुई।
निगम में अधिशासी अभियंता के पद पर कार्यरत ललित टम्टा ने 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बेहतरीन खेल कौशल का परिचय दिया। उन्होंने मिश्रित युगल स्पर्धा में अपनी जोड़ीदार भावना रावत के साथ शानदार तालमेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा पुरुष युगल स्पर्धा में ललित टम्टा ने अपने जोड़ीदार एवं निगम में ही अधिशासी अभियंता के पद पर कार्यरत गोपाल सिंह के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के आधार पर ललित टम्टा का चयन आगामी 18 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ललित टम्टा एवं गोपाल सिंह अपनी व्यस्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बावजूद नियमित अभ्यास कर खेल और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाए हुए हैं।
इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने दोनों अभियंताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों के साथ-साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो संस्थान की सकारात्मक कार्य संस्कृति का परिचायक है।
डॉ. सिंघल ने विश्वास व्यक्त किया कि ललित टम्टा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और यूजेवीएन लिमिटेड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।