पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को गति: चमियाला पार्किंग व डीडीहाट टैक्सी स्टैंड परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में राज्य सरकार ने पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से विकास परियोजनाओं की मॉनिटरिंग तेज कर दी है। इसी क्रम में राज्य सचिवालय में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में जनपद टिहरी गढ़वाल की तहसील बालगंगा अंतर्गत चमियाला बहुद्देश्यीय पार्किंग निर्माण परियोजना तथा जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट टैक्सी स्टैंड निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई।

भूमि विवाद सुलझने के बाद चमियाला पार्किंग को नई रफ्तार

नगर पंचायत चमियाला में प्रस्तावित बहुद्देश्यीय पार्किंग परियोजना लंबे समय से भूमि संबंधी तकनीकी कारणों से लंबित थी। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना के लिए ₹166.93 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें से ₹100.158 लाख की प्रथम किश्त पूर्व में ही जारी की जा चुकी है।

परियोजना के लिए 340 वर्गमीटर भूमि चिन्हित की गई थी, जिसमें पर्यटन विभाग एवं स्थानीय व्यापार मंडल की भूमि सम्मिलित थी। भूमि स्वामित्व की स्पष्टता न होने के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका था। अब नगर पंचायत एवं व्यापार मंडल के बीच सहमति बनने के बाद परियोजना को गति मिली है। व्यापार मंडल द्वारा मीटिंग हॉल एवं शौचालय निर्माण की शर्त पर भूमि उपलब्ध कराने की सहमति दिए जाने से निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

आवास सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।

डीडीहाट टैक्सी स्टैंड को समेकित परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा

जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में प्रस्तावित टैक्सी स्टैंड परियोजना की भी गहन समीक्षा की गई। इस परियोजना के लिए ₹389.95 लाख लागत का आगणन अनुमोदित किया गया था तथा ₹155.98 लाख की धनराशि जारी की जा चुकी है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि परियोजना को चरणबद्ध रूप में विकसित करने के बजाय आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक समेकित एवं सुरक्षित परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ₹612.48 लाख लागत का पुनरीक्षित प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति हेतु भेजा गया है।

परियोजना लागत ₹5 करोड़ से अधिक होने के कारण इसे नियमानुसार तकनीकी समीक्षा प्रकोष्ठ (TAC) को परीक्षण एवं अनुमोदन के लिए अग्रसारित किया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री घोषणाओं को समयबद्ध पूरा करना प्राथमिकता

आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित एवं सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। चमियाला पार्किंग एवं डीडीहाट टैक्सी स्टैंड जैसी परियोजनाएं स्थानीय व्यापार, पर्यटन गतिविधियों और रोजगार सृजन से सीधे जुड़ी हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग लंबित परियोजनाओं में उत्पन्न तकनीकी, प्रशासनिक एवं भूमि संबंधी बाधाओं को समन्वय के माध्यम से दूर कर रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ शीघ्र जनता तक पहुंच सके।

पर्यटन व स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

आधुनिक पार्किंग और सुव्यवस्थित टैक्सी स्टैंड विकसित होने से पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात दबाव कम होगा, सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और पर्यटन प्रबंधन अधिक प्रभावी बनेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और व्यापारिक अवसरों का सृजन होगा।

राज्य सरकार की यह पहल उत्तराखंड के पर्वतीय नगरों में आधुनिक और सुरक्षित यातायात अवसंरचना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *