नई टिहरी। प्रतापनगर विकासखंड सभागार में शनिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों और विभिन्न प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में समूचे क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर गहन विचार विमर्श किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने अपने वार्डों में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं को प्रमुखता के साथ सदन के पटल पर रखा।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार ने सभी जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वह क्षेत्र के विकास और सदस्यों की मांगों के समर्थन में हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान सदस्यों द्वारा जो भी स्थानीय समस्याएं उठाई गई हैं उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रशासन के स्तर से हर संभव सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। विकास के अहम मुद्दों पर चर्चा के उपरांत सभागार में होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन भी किया गया जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों ने भारी उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
होली मिलन समारोह के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर रंगों के इस पावन पर्व की हर्षाेल्लास के साथ शुभकामनाएं दीं। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन लिखवारगांव के पूर्व प्रधान चंद्रशेखर पैन्यूली द्वारा किया गया। इस बैठक और होली मिलन समारोह में मुख्य रूप से क्षेत्र पंचायत सदस्य गंगा नेगी अंजू चौहान रवीना पंवार संतोषी रावत प्रीति बिष्ट काजल सुष्मिता मुलायम रावत लोकेंद्र सेमवाल विकास भंडारी भूपेंद्र सेमवाल और युद्धवीर असवाल सहित कई अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रतापनगर ब्लॉक में विकास कार्यों पर मंथन के बाद उड़े होली के रंग
