लखनऊ/देहरादून।
उत्तराखंड के सिंचाई, पर्यटन, लोक निर्माण, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज तथा श्री बदरीनाथ-श्री केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने लखनऊ स्थित श्लोक भवन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान सतपाल महाराज ने राज्यपाल को उत्तराखंड आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने पिथौरागढ़ क्षेत्र में स्थित आदि कैलाश एवं ओम पर्वत के दर्शन के लिए आमंत्रित करते हुए राज्य की आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहरों की जानकारी दी।
इस अवसर पर हेमंत द्विवेदी ने राज्यपाल को चारधाम यात्रा में सहभागिता के लिए भी आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार और मंदिर समिति तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
शिष्टाचार भेंट के दौरान धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और दोनों राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। यह मुलाकात आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
