मुख्यमंत्री आवास में गूंजी कुमाऊँ की खड़ी-बैठकी होली, होल्यारों ने दी शुभकामनाएं

देहरादून पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री आवास में जनपद चम्पावत के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आए होल्यारों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर होल्यारों ने कुमाऊँ अंचल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम प्रदर्शन करते हुए खड़ी एवं बैठकी होली के पारंपरिक लोकगीतों का सुमधुर गायन किया। पारंपरिक वेशभूषा और शास्त्रीय राग-रागिनियों पर आधारित प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी होल्यारों का आत्मीय स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि समृद्ध लोकसंस्कृति, शास्त्रीय संगीत परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि चम्पावत सहित समूचे कुमाऊँ क्षेत्र की खड़ी और बैठकी होली अपनी विशिष्ट शैली और भक्ति भाव से परिपूर्ण प्रस्तुति के कारण देशभर में विशेष पहचान रखती है। यह परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है, जिसे संरक्षित और संवर्धित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोक कला, लोक संगीत और पारंपरिक उत्सवों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न सांस्कृतिक मंचों और आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा रही है।

कार्यक्रम के अंत में होल्यारों ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए मंगल गीत प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *