देहरादून में पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण, एआई शिक्षा और खेल गतिविधियों पर दिया जोर

देहरादून श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव डॉ. महेन्द्र कुमार ने 24 एवं 25 फरवरी, 2026 को जनपद देहरादून के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकासखण्ड डोईवाला अंतर्गत पीएम श्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जौलीग्रांट-2, रायपुर विकासखण्ड स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (राजपुर रोड), पीएम श्री राजीव गांधी नवोदय विद्यालय तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, वीरपुर का भ्रमण किया।

छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से की संवाद

संयुक्त सचिव ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें योजना की प्रगति पर विचार-विमर्श हुआ।

समीक्षा बैठक में दिए तीन प्रमुख सुझाव

समीक्षा के दौरान संयुक्त सचिव ने तीन अहम सुझाव दिए—

  • व्यावसायिक शिक्षा के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए।

  • विद्यालयों में स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक विद्यालय में स्वच्छक की नियुक्ति अनिवार्य की जाए।

  • विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से दूर रखते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम श्री विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं और आधारभूत संरचना सुदृढ़ करने हेतु जिला योजना में आवश्यक संसाधनों का प्रस्ताव भेजा जाए।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *