नई दिल्ली में सीएम धामी की केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से भेंट, हरिद्वार महाकुंभ 2027 की तैयारियों पर चर्चा

नई दिल्ली/देहरादून।  पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ की तैयारियों तथा नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत ₹408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बाढ़ सुरक्षा और सिंचाई परियोजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों हेतु ₹253 करोड़ के प्रस्तावों को स्वीकृति देने का आग्रह किया। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि जारी करने का अनुरोध किया।

उन्होंने इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार की आवश्यकता भी रखी। इस परियोजना से 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी उपलब्ध होने की संभावना है, जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। अनुमान है कि इससे लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकेगी तथा क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। साथ ही गंगा संरक्षण के लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *