देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में 56वें अमर शहीद वीर खड़क बहादुर बिष्ट मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौरव कुमार (शिवसेना प्रमुख, उत्तराखंड) उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अमर शहीद वीर खड़क बहादुर बिष्ट के अदम्य साहस और बलिदान को उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरा देश नमन करता है। उन्होंने कहा कि बिष्ट ने महात्मा गांधी के साथ मिलकर अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन में योगदान दिया था। उनके जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक सशक्तिकरण का माध्यम है, बल्कि युवाओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत करता है।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में अभिषेक शाही, पारस थापा, भूपेंद्र शाही, राजीव गुरंग सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजक मंडल को इस गरिमामय आयोजन के लिए बधाई एवं सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर शिवम् गोयल, वासु परविन्दा, अमित डिमरी सहित अन्य खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।
मैच परिणाम
टूर्नामेंट के तहत पहला मुकाबला रायपुर 11 और रुद्राक्ष 11 के बीच खेला गया, जिसमें रायपुर 11 ने 2-1 से जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला थंडर यंग और सिटी यंग के बीच हुआ, जिसमें थंडर यंग ने विजेता का खिताब हासिल किया।
मुख्य अतिथि ने रायपुर 11 और थंडर यंग टीम को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
