जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में डीएम का औचक निरीक्षण, ब्लड बैंक 15 मार्च 2026 तक पूरा करने के निर्देश

देहरादून। सविन बंसल ने सोमवार को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाएं परखी। डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, लैब, निर्माणाधीन ब्लड बैंक, किचन और ओपीडी का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।

ब्लड बैंक पर सख्त समयसीमा

निर्माणाधीन ब्लड बैंक का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को 15 मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने को भी कहा। प्रशासन की ओर से ब्लड बैंक के लिए चिकित्सक, स्टाफ और उपकरणों की व्यवस्था जिला स्तर पर सुनिश्चित की जा चुकी है।

चन्दन लैब की 24×7 सेवाओं की होगी जांच

अस्पताल में संचालित चन्दन लैब के निरीक्षण के दौरान डीएम ने अनुबंध के अनुसार 24×7 सेवाओं की जानकारी ली। रात्रि में लिए गए सैंपलों का विवरण उपलब्ध न होने पर उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर/प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को पिछले तीन माह के दिन-रात्रि सैंपलों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि लैब अनुबंध के अनुरूप 24×7 संचालित नहीं पाई जाती है तो आधा भुगतान रोक दिया जाएगा।

सेंट्रल पैथोलॉजी का समय बढ़ाया

सेंट्रल लैब के बाहर लगी भीड़ को देखते हुए डीएम ने तत्काल प्रभाव से लैब का समय एक घंटा बढ़ाते हुए अब दोपहर 12 बजे तक संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही आज उपस्थित सभी मरीजों के सैंपल लेने के निर्देश भी दिए।

10 लाख रुपये की स्वीकृति

निरीक्षण के दौरान किचन, गायनी ओटी, वेयरहाउस एवं ओपीडी मरम्मत कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि मौके पर ही स्वीकृत की गई।

गायनी डॉक्टर की कमी पर रिपोर्ट तलब

गायनी चिकित्सक न होने के कारण मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की शिकायत पर डीएम ने संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सफाई और भोजन गुणवत्ता पर जीरो टॉलरेंस

इमरजेंसी और सामान्य वार्ड का निरीक्षण करते हुए डीएम ने मरीजों से सीधे संवाद किया और सफाई व भोजन की गुणवत्ता पर सख्त निर्देश दिए। फार्मेसी में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने को भी कहा।

बच्चों के लिए रचनात्मक पहल

बाल चिकित्सा वार्ड में एक बच्चे के हाथ में मोबाइल देखने पर डीएम ने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल न देने की अपील की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को बच्चों के लिए ड्राइंग शीट, रंग और पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा मिले।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में संचालित फूड आउटलेट और ऑटोमेटेड पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। पार्किंग व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित पाई गई।

डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी व्यवस्थाएं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *