चमोली। दिल्ली मैराथन के 11वें संस्करण में उत्तराखंड की 24 वर्षीय धाविका भागीरथी बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ को उन्होंने 2 घंटे 43 मिनट में पूरा कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
रविवार को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच चमोली जिले के वाण गांव निवासी भागीरथी ने संतुलित गति, बेहतरीन रणनीति और अदम्य धैर्य का परिचय देते हुए सफलता हासिल की।
देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर
भागीरथी की इस उपलब्धि से जनपद चमोली और देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
उनके कोच और अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक सुनील शर्मा ने बताया कि भागीरथी ने पूरी दौड़ के दौरान संयम और आत्मविश्वास बनाए रखा। कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद उन्होंने अपनी रणनीति पर कायम रहते हुए रेस पूरी की।
उल्लेखनीय है कि भागीरथी इससे पहले ईरान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में भी भाग ले चुकी हैं और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कई प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी हैं।
‘फ्लाइंग गर्ल’ के नाम से प्रसिद्ध भागीरथी वर्तमान में पौड़ी जनपद स्थित रासी स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मैराथन स्पर्धा में पदक जीतकर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करना है।
