चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियां तेज, डीएम सविन बंसल ने की व्यापक समीक्षा

देहरादून। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में चार धाम यात्रा-2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संचालित करने हेतु देहरादून जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा भावना का अवसर है, ताकि उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा का सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो।

बजट में नहीं होगी कमी

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं में धनाभाव के कारण कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होने पर विभाग तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें। सभी व्यवस्थाएं 15 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

पार्किंग, पंजीकरण और यातायात व्यवस्था

बैठक में ऋषिकेश एवं विकासनगर क्षेत्र में पार्किंग, ठहराव क्षमता, पंजीकरण, सड़क, पेयजल, परिवहन, भोजन, शौचालय और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डायवर्जन स्थलों और कियोस्क प्वाइंट्स पर सुगम यातायात व पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ऋषिकेश में 30 और विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इन पर प्रशिक्षित ऑपरेटर, पर्याप्त स्टाफ, सुदृढ़ नेटवर्क और 24 घंटे संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। मोबाइल पंजीकरण टीमें भी तैनात होंगी। ऑफलाइन पंजीकरण, क्यू मैनेजमेंट, शेड निर्माण और बैठने की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।

होल्डिंग एरिया और ट्रांजिट कैंप

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल, कटापत्थर, हरबर्टपुर और नया गांव सहित प्रमुख होल्डिंग एरिया में जर्मन हैंगर स्थापित किए जाएंगे। यहां मेडिकल चेकअप, भोजन, पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था होगी। भोजन व्यवस्था में स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर पूर्ति विभाग का सहयोग लिया जाएगा।

सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं

यात्रा की प्रभावी निगरानी के लिए नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी और वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस, टेस्टिंग किट और हेल्थ एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा सुविधाओं के लिए आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया।

परिवहन और बुनियादी सुविधाएं

परिवहन विभाग को वाहनों का अधिग्रहण, फिटनेस जांच और ग्रीन कार्ड जारी करने के साथ ट्रिप कार्ड की वैकल्पिक (मैनुअल) व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। होल्डिंग एरिया तक शटल सेवा भी संचालित की जाएगी।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को डिवाइडर, पैराफिट, प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान को टीटीएसपी, वाटर एटीएम और टैंकरों के माध्यम से पेयजल व्यवस्था तथा विद्युत विभाग को प्रमुख स्थलों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में संबंधित विभागों ने अपनी-अपनी तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *