चमोली। सतपाल महाराज ने विश्व प्रसिद्ध नेशनल हिमक्रीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026 का औली में दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। 13 से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित इस नेशनल चैंपियनशिप में 17 राज्यों की टीमों के साथ आईटीबीपी, सीआईएसएफ और सेना की टीमें भी उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
मंत्री ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। समुद्र तल से लगभग 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली अपनी प्राकृतिक ढलानों और हिमालयी शिखरों के मनोरम दृश्य के कारण देश का प्रमुख विंटर स्पोर्ट्स हब बन चुका है।
उन्होंने कहा कि विंटर कार्निवल स्थानीय युवाओं को रोजगार, होमस्टे और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करेगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। सरकार शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इसे प्रतिवर्ष आयोजित करेगी।

प्रमुख घोषणाएं
-
अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के साथ 91 किमी का “सूर्य देवभूमि चैलेंज” ट्रेल।
-
31 मई को नीति घाटी में 75 किमी “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” और 42 किमी मैराथन।
-
जून 2026 में बद्रीनाथ-माणा में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल का दूसरा संस्करण।
-
2026 में प्रसिद्ध हिमालयन कार रैली का पुनः आयोजन प्रस्तावित।
-
केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।
-
औली रोपवे की मरम्मत के लिए तकनीकी टीम जोशीमठ पहुंची।

कार्निवल के दौरान स्कीइंग प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय उत्पाद प्रदर्शनी और पारंपरिक लोक प्रस्तुतियों ने आयोजन को भव्य रूप दिया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और खेल प्रेमी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
