जल जीवन मिशन की 82 लंबित योजनाएं जल्द हों पूरी: डीएम प्रशांत आर्य

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत लंबित 82 पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि 1293 संचालित योजनाओं में से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।

डीएम ने आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्ग पर निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने योजनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर देते हुए सभी कार्यों का सत्यापन कराने को कहा।

बैठक में एकल व मल्टीपल ग्राम पंपिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने ग्राम सभाओं से प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कोटियाल गांव पंपिंग योजना के पूर्ण होने पर संतोष जताते हुए अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं को भी समयबद्ध पूरा करने को कहा, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल संकट का स्थायी समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *