देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्य के दोनों मंडलों में ओबीसी कल्याण बहुउद्देशीय/सामुदायिक भवन के निर्माण को सैद्धांतिक सहमति दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित भवनों में बैंकट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण एवं बैठक कक्ष सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि सामाजिक, शैक्षिक और प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। उन्होंने भवनों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित समीक्षा के माध्यम से योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है।
