देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत उत्तराखंड में नियोजित एवं सतत शहरी विकास को गति देने के उद्देश्य से आवास विभाग द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अमृत 1.0 योजना के अंतर्गत प्रस्तावित हरिद्वार एवं रुड़की महायोजना–2041 के प्रारूप पर राज्य सचिवालय में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भूमि उपयोग, आवासीय व औद्योगिक विकास, यातायात प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा की गई। चीफ टाउन एंड कंट्री प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव ने महायोजना के प्रारूप, अब तक की कार्यवाही और आगामी चरणों की जानकारी प्रस्तुत की।
महायोजना के प्रारूप पर हुई सार्वजनिक सुनवाई के दौरान हरिद्वार के लिए लगभग 350 और रुड़की के लिए 550 सुझाव व आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। आवास सचिव ने निर्देश दिए कि सभी सुझावों का पारदर्शी एवं नियमानुसार निस्तारण किया जाए, ताकि योजना जनअपेक्षाओं के अनुरूप तैयार हो सके।
आवास सचिव ने कहा कि हरिद्वार–रुड़की महायोजना–2041 से क्षेत्र का संतुलित, आधुनिक और भविष्य उन्मुख विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने अधिकारियों को योजना को समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप देकर शीघ्र शासन स्तर पर अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
