देहरादून। शिमला बायपास रोड पर खुदाई के कारण आमजन को असुविधा और यातायात बाधित होने की शिकायतों पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने तुरंत संज्ञान लिया। निर्देशानुसार संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि सड़क खुदाई उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा की गई थी, जिससे सड़क की सतह क्षतिग्रस्त हो गई थी और धूल, गड्ढे तथा ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और निर्माण खंड को त्वरित रूप से रोड रेस्टोरेशन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। निर्माण खंड ने तुरंत सड़क पुनर्स्थापन का कार्य प्रारंभ कर दिया।
सविन बंसल ने चेताया कि भविष्य में किसी भी सड़क खुदाई के बाद समयबद्ध और मानक अनुसार पुनर्स्थापन कार्य सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
