नई टिहरी। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जाखणीधार विकासखंड में सियासी माहौल गरमाता नजर आ रहा है। पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने सुदूरवर्ती गांवों का दौरा कर जन-संवाद कार्यक्रमों के जरिए सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए। सोमवार को ग्राम पंचायत उठड़ और चौपड़ा में आयोजित चौपालों में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया।
जनसभा को संबोधित करते हुए धनाई ने कहा कि पिछले दस वर्षों में जाखणीधार क्षेत्र में विकास पूरी तरह ठप हो गया है और एक भी नई ठोस योजना धरातल पर नहीं उतर पाई। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कोशियार पंपिंग योजना, नंदगांव गैस एजेंसी, राजकीय पॉलिटेक्निक भवन और टिहरी झील में बोटिंग शुरू कर स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की बात कही।
ग्रामीणों ने चौपाल में पुनर्वास से जुड़ी लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और पुनर्वास विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। इस पर पूर्व मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे इन मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल, ग्राम प्रधान अनीता रावत, पूर्व प्रधान समन सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और युवा मौजूद रहे।
