चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सभागार गोपेश्वर में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास (एमपीएलएडी) योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया अभी लंबित है, उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए। साथ ही पोर्टल पर फोटोग्राफ अपलोड करने से पूर्व संबंधित अधिकारी स्वयं स्थल निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सांसदों द्वारा ऑफलाइन स्वीकृत कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2020-21 से 2023-24 तक कुल 237 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है, जिसमें से 234 लाख रुपये की योजनाएं पूर्ण कराई जा चुकी हैं। शेष कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता उपस्थित रहे, जबकि सभी खंड विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
