समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों की शिकायतें सुनीं, लंबित मामलों पर आयुक्त सख्त

 

180 दिन से लंबित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतें एक माह में होंगी निस्तारित, बुजुर्गों के लिए कलेक्ट्रेट में शुरू होगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच

 

देहरादून। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान 145 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयुक्त के समक्ष रखीं। आयुक्त ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

समाधान दिवस में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों और मुख्यमंत्री घोषणाओं की भी समीक्षा की गई। 180 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतें सामने आने पर आयुक्त ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसी सभी शिकायतों को एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।

 

बुजुर्गों के लिए कलेक्ट्रेट में होगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच

 

समाधान दिवस में बड़ी संख्या में बुजुर्ग फरियादियों के पहुंचने पर आयुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को शिकायत के निस्तारण के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। अपनी बारी की प्रतीक्षा के दौरान वे स्वास्थ्य जांच का लाभ भी उठा सकेंगे।

 

सौंग नदी और सुरक्षा दीवार का मामला पहुंचा समाधान दिवस में

 

ग्राम प्रधान बड़ासी ग्रांट ने सौंग नदी का जलस्तर बढ़ने से सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने और नदी के पानी का बहाव आबादी क्षेत्र की ओर होने की आशंका जताई। आयुक्त ने डीएफओ को मौके का निरीक्षण कर सौंग नदी तट पर सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

 

वहीं, ग्राम पंचायत बड़ासी ग्रांट की ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार को जांच कर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए।

 

अजबपुर कलां स्थित बैंक कॉलोनी में बारिश का पानी घरों में घुसने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए।

 

क्षतिग्रस्त पुलिया और मकान के मामलों में भी कार्रवाई

 

कालसी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह चौहान ने ग्राम पंचायत सलगा के डेगडा खंड में भारी बारिश से पैदल पुलिया क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपदा मद में तत्काल आकलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

आराघर निवासी मंचल बाला ने पिछले वर्ष बारिश में क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत के लिए अहेतुक सहायता नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार को मौका मुआयना कर एसडीआरएफ मानकों के अनुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।

 

रास्ता रोकने और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 

डांडा लखौंड वार्ड संख्या-60 के निवासियों ने सहस्रधारा रोड से डिफेंस कॉलोनी एन्क्लेव संपर्क मार्ग पर पिलर और लोहे के गाटर लगाकर रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे स्कूल बस, वैन, एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के आवागमन में परेशानी हो रही है।

 

आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को मामले की जांच कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

हरिपुर कलां के वार्ड संख्या-41 में भवनों से निकलने वाले बारिश के पानी को सीवर लाइन से जोड़ने के कारण सीवर का पानी घरों में भरने की शिकायत पर नगर निगम को पूरे नगर क्षेत्र में जांच अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

मकान के नाम पर 20 लाख की धोखाधड़ी की शिकायत

 

आईटी पार्क निवासी मनमोहन सकलानी ने मकान खरीदने के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि लिखित एग्रीमेंट के आधार पर मकान मालिक को 20 लाख रुपये दिए गए, लेकिन अब वह रजिस्ट्री करने से इनकार कर रहा है और रकम भी वापस नहीं कर रहा।

 

आयुक्त ने एसडीएम को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

वहीं, 68 वर्षीय प्रेम सिंह बिष्ट ने अपने दामाद पर मारपीट, धमकी और मकान पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने एसपी सिटी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

2007 से लंबित मुआवजे का भी उठा मामला

 

ऋषिकेश में आईएसबीटी से चंद्रभागा पुल तक सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि और दुकानों का वर्ष 2007 से मुआवजा लंबित होने की शिकायत भी समाधान दिवस में पहुंची। इस पर ओसी डीएलआरसी को मामले की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

 

ग्राम पंचायत कावाखेड़ा से कांदोई भरम तक छह किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानी पर लोक निर्माण विभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

कौलागढ़ में भारी बारिश से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्कूल के आवासीय परिसर की दीवार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर शिक्षा विभाग को तत्काल प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया।

 

वहीं, शुभव व्यास ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर लगाने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत की। इस पर विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

स्थानीय समस्याओं का निस्तारण निचले स्तर पर करने के निर्देश

 

समाधान दिवस के अंत में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर की समस्याएं जिला मुख्यालय तक पहुंचने से पहले ही उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

आयुक्त ने अवैध अतिक्रमण, भूमि पर अवैध कब्जे और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *