चमोली। कर्णप्रयाग के क्षेत्र पंचायत सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनता ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, भूधंसाव, जंगली जानवरों से बचाव, स्वरोजगार और मुआवजा संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस दौरान इंद्रादेवी ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता की मांग की, सूरज प्रकाश ने पीएम स्वनिधि योजना से रोजगार की मांग रखी, और आईआईटी वार्ड की प्रेमलता देवी ने एनएच सड़क की क्षतिग्रस्त दीवार के कारण अपने मकान की सुरक्षा के लिए निर्माण की मांग की।
मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि तहसील दिवस पर कुल 62 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शासन स्तर की समस्याओं को शीघ्र भेजा जाए।
इस अवसर पर प्रमुख क्षेत्र पंचायत कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, उपजिलाधिकारी अबरार अहमद और अन्य ज़िलास्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
