प्रधानाचार्य आशीष कुमार ने छात्रों को दिया अनुशासन का मंत्र, कहा “समाज में शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति फैलाएं जागरूकता

टिहरी। राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव द्वारा कंडियालगांव में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का रविवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं ने न केवल समाज सेवा का पाठ पढ़ा, बल्कि अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का भी लोहा मनवाया। समापन समारोह में उत्कृष्ट कार्य और शानदार प्रस्तुतियां देने वाले स्वयंसेवकों को विद्यालय प्रशासन द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

विगत सात दिनों तक चले इस शिविर में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने “सेवा परमो धर्मः” के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए कंडियालगांव में व्यापक सफाई अभियान चलाया। छात्रों ने गांव के सार्वजनिक संपर्क मार्गों की मरम्मत और सफाई की, साथ ही पहाड़ की जीवनरेखा माने जाने वाले प्राकृतिक जल स्रोतों (नौले, धारे और पनियारों) को भी साफ-सुथरा बनाया। गांव के आसपास बढ़ी हुई अनियंत्रित झाड़ियों का कटान कर स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उनके इस श्रमदान की ग्रामीणों ने भी मुक्त कंठ से सराहना की, जिससे छात्रों का मनोबल बढ़ा।

शिविर के समापन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, भोजपुरी और हिंदी गीतों पर एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। लोक संस्कृति की झलक और देशभक्ति के तरानों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता प्रधानाचार्य आशीष कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल सात दिन की सेवा नहीं, बल्कि जीवन भर के लिए अनुशासित रहना है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपनी दिनचर्या की शुरुआत अनुशासन के साथ करें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने गांव-समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *