बाल श्रम और भिक्षावृत्ति के प्रति किया जागरूक,छात्रों को दी कानूनी प्रावधानों की जानकारी

 

नई टिहरी। बाल अधिकारों के संरक्षण और समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन के उद्देश्य से विकासखंड प्रतापनगर के सुजड़ गांव में एक विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया गया। बाल कल्याण समिति टिहरी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में नौनिहालों को न केवल उनके संवैधानिक अधिकारों से रूबरू कराया गया, बल्कि उन्हें खुद की सुरक्षा और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सुजड़ गांव के प्रांगण में आयोजित इस शिविर में विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज को नई दिशा देने का संकल्प दोहराया।

 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और बाल कल्याण समिति टिहरी के अध्यक्ष ऋषि कुमार तथा सदस्य सोबन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने बच्चों को बाल कल्याण समिति की भूमिका, चाइल्ड लाइन नंबर की उपयोगिता और विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली निशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से समझाया। वक्ताओं ने समाज के लिए नासूर बन चुकी भिक्षावृत्ति, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी गंभीर समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कानून में इनके खिलाफ क्या प्रावधान हैं और एक जागरूक नागरिक के तौर पर बच्चे इन कुरीतियों को रोकने में कैसे अपनी भूमिका निभा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को खोखला कर रही नशे की लत और उसके दुष्प्रभावों पर भी गहन चर्चा की गई, साथ ही इससे बचाव के कारगर उपाय भी सुझाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *