नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र में जन-जन की आवाज बनने के उद्देश्य से पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला द्वारा निकाली जा रही “जन आशीर्वाद यात्रा” को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। जनता के सहयोग और स्नेह से प्रेरित यह यात्रा अपने विभिन्न पड़ावों को पार करते हुए बैल्डोगी सेरा के रास्ते ग्राम पंचायत बिजपुर पहुंची। यहां पहुंचने पर ग्राम प्रधान संजी देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ यात्रा का भव्य और आत्मीय स्वागत किया। 17 दिसंबर को पट्टी उपली रमोली के प्रसिद्ध सेम मुखेम नागराजा धाम से शुरू हुई इस यात्रा का कारवां जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, स्थानीय लोगों का उत्साह भी दोगुना होता जा रहा है।
बिजपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रमुख प्रदीप रमोला ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह जन आशीर्वाद यात्रा कोई राजनीतिक कार्यक्रम या शक्ति प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह जनता के सुख-दुख, उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को गहराई से समझने का एक विनम्र संकल्प है। उनका मुख्य उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति की आवाज को सुनना और उसे मजबूती के साथ उचित मंच तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता के हाथ में होती है और यह यात्रा उसी ताकत को एकजुट करने का प्रयास है।
इस जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदीप रमोला ने घर-घर जाकर बुजुर्गों और युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने सभी परिवारों को नव वर्ष की शुभकामनाओं के साथ भगवान नागराजा के छायाचित्र से सुसज्जित कैलेंडर भेंट किए और बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि जनता के सहयोग से शुरू की गई यह यात्रा निकट भविष्य में जन-जन की बुलंद आवाज बनकर उभरेगी और प्रतापनगर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी।
