नई टिहरी। प्रतापनगर विधानसभा के अंतर्गत फूल सिंह बिष्ट राजकीय महाविद्यालय लंबगांव के प्रांगण में रविवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विक्रम सिंह नेगी ने समाज की रीढ़ मानी जाने वाली मातृशक्ति को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान पट्टी भदूरा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आईं आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं के समर्पण और सेवाभाव की मुक्तकंठ से सराहना की गई। विधायक ने कहा कि सुदूर ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य और शिक्षा की अलख जगाने में इन महिलाओं का योगदान अतुलनीय है।
समारोह में पट्टी भदूरा के आबकी, मंजखेत, पोखरी, खलड़गांव, गलियाखेत, बनियाणी, तिनवालगांव, कुड़ी, सौड़, बन कुंडाली, गढ़ सिनवालगांव, भरपूरियागांव, पुजारगांव और लिखवारगांव सहित कई अन्य गांवों की 150 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस विशेष अवसर पर विधायक ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले नन्हें-मुन्ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शैक्षिक सामग्री भी भेंट की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह खेल-खेल में सिखाने वाली सामग्री नौनिहालों के पठन-पाठन के साथ-साथ उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी और भोजन माताएं बेहद कम मानदेय पर काम करने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से कर रही हैं। चाहे गर्भवती महिलाओं की देखरेख हो, बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा देना हो या विद्यालयों में भोजन की व्यवस्था, ये बहनें हर मोर्चे पर डटी रहती हैं।
