नई टिहरी। आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री यूनियन टिहरी गढ़वाल की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और आशा कार्यकर्ताओं के अधिकारों को लेकर गहन मंथन किया गया। बैठक के दौरान जहां एक ओर पुरानी कार्यकारिणी में फेरबदल करते हुए नए पदाधिकारियों का चयन किया गया, वहीं दूसरी ओर सरकार की चार श्रम संहिताओं के विरोध में भी स्वर मुखर किए गए। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान जिलाध्यक्ष गीता नेगी ने की, जबकि संचालन का दायित्व सीटू के जिला सचिव एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष चिंतामणी थपलियाल ने संभाला। इस दौरान देहरादून से विशेष रूप से पहुंचीं आशा यूनियन की प्रांतीय अध्यक्ष शिवा दुबे और प्रांतीय कोषाध्यक्ष कलावती चंदोला ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और उनमें नई ऊर्जा का संचार किया।
बैठक का मुख्य आकर्षण नई जिला कार्यकारिणी का चुनाव रहा। संगठन को और अधिक सक्रिय और धारदार बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से लक्ष्मी नेगी को जिलाध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई। वहीं, संगठन के कार्यों को सुचारु रूप से चलाने और मैदानी स्तर पर पकड़ मजबूत करने के लिए संपत्ति बेलवाल को जिला सचिव और आशा सलोनी को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त किरण खरोला को उप-सचिव और मीना थपलियाल को प्रचार सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। संगठन ने पुरानी अध्यक्ष आशा भट्ट के अनुभवों का लाभ लेने के लिए उन्हें सीटू यूनियन की जिला कार्यकारिणी में शामिल किया है, ताकि उनके मार्गदर्शन में संगठन आगे बढ़ सके। बैठक में सांगठनिक ढांचे को विस्तार देते हुए यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के सभी ब्लॉकों की अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष स्वतः ही इस जिला कार्यकारिणी की सदस्य मानी जाएंगी।
