नई टिहरी। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पट्टी ओण के प्रसिद्ध ओणेश्वर महादेव मंदिर देवल प्रांगण में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक विक्रम सिंह नेगी ने क्षेत्र की मातृ शक्ति के रूप में कार्य कर रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, भोजन माताओं और आशा कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। समारोह के दौरान विधायक ने शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बहुउपयोगी शैक्षिक सामग्री भी वितरित की।
मंगलवार को आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में विधायक विक्रम सिंह नेगी ने पट्टी ओण की 178 महिलाओं को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ये महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण समर्पण भाव और कर्तव्यनिष्ठा के साथ करती हैं। चाहे स्वास्थ्य सेवाएं हों, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था हो या बच्चों का प्रारंभिक पालन-पोषण, इनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज के निर्माण और सामाजिक सरोकारों में निरंतर जुटी इन बहनों को उचित सम्मान मिलना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उनका मनोबल बना रहे और वे दोगुने उत्साह के साथ अपनी सेवाएं देती रहें।
समारोह का एक मुख्य आकर्षण नौनिहालों के भविष्य को संवारने की पहल रही। विधायक ने पट्टी ओण के अंतर्गत आने वाले देवल, रमोलगांव, पणसूत, खरोली, कुराण, मांजफ, शुक्री, खोलगढ़ वल्ला, खोलगढ़ पल्ला, हलेथ और मिश्रवाणगांव आदि गांवों की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बच्चों के लिए विशेष शैक्षिक किट और सामग्री प्रदान की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ही वह स्थान हैं जहां बच्चों के जीवन की और शिक्षा की बुनियाद तैयार होती है। यदि नींव मजबूत होगी, तो इमारत भी बुलंद होगी। इसी उद्देश्य से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक विकास को ध्यान में रखते हुए यह आधुनिक और उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
विधायक ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से आह्वान किया कि वे बच्चों के पठन-पाठन पर विशेष ध्यान दें और उपलब्ध कराई गई सामग्री का सदुपयोग कर उन्हें खेल-खेल में गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करें। इस अवसर पर मांजफ की जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी पंवार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश थलवाल, नत्थी लाल, गौतम शाह, त्रैपन रौतेला, शिव सिंह पोखरियाल, गजेंद्र रावत, महिताब सिंह, महेश रमोला, पूर्णानंद रतूड़ी, देवेश्वरी बहुगुणा, प्रेम सिंह रावत और पंकज रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
