देहरादून। उत्तराखंड पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के मार्गदर्शन में वर्ष 2026 में पहली बार अंतरराष्ट्रीय ‘उत्तराखंड ट्रैवल कॉन्क्लेव’ के आयोजन का निर्णय लिया गया है।
शनिवार को उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी/सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में कॉन्क्लेव के आयोजन पर सैद्धांतिक सहमति दी गई।
उत्तराखंड के पर्यटन इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब इतने व्यापक स्तर पर एक अंतरराष्ट्रीय बी-टू-बी (व्यवसाय से व्यवसाय) ट्रैवल कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के सहयोग से होगा, जिसमें होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन, टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, ऑल इंडिया डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन सहित अन्य प्रमुख संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
