ड्रीमर्स एडु हब की ऐतिहासिक उड़ान,एक ही बैच से चार छात्रों का एसएसबी में चयन

देहरादून। रक्षा सेवाओं की तैयारी कराने वाले प्रमुख संस्थान ‘ड्रीमर्स एडु हब’ ने गुरुवार को एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। संस्थान के एक ही बैच के चार छात्रों ने सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) में सफलता प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। 29 सितंबर 2025 को शुरू हुए प्रशिक्षण बैच के छात्र वंश ने गुरुवार को 5 एएफएसबी गुवाहाटी से चयन सुनिश्चित कर संस्थान को यह सौगात दी।

इससे पूर्व इसी बैच की छात्रा जिनीशा ने गांधीनगर, स्नेहा ने वाराणसी और छात्र हरकरन ने देहरादून बोर्ड से सफलता हासिल की थी। अलग-अलग बोर्ड से एक ही बैच के चार छात्रों का चयन होना संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षण शैली को दर्शाता है।

संस्थान के संस्थापक हरिओम चौधरी ने इस सफलता पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सही मार्गदर्शन और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हमारे छात्रों ने न केवल एसएसबी पास किया है, बल्कि अपनी लगन से संस्थान का मान बढ़ाया है। वहीं, सह-संस्थापिका अंकिता तनेजा ने इसे छात्रों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण की जीत बताया।

उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल चयन कराना नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व गढ़ना है। संस्थान ने सभी चयनित छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *