टिहरी झील में वॉटर स्पोर्ट्स का रोमांच, रजत जयंती वर्ष पर पर्यटन विभाग ने कराया भव्य आयोजन

नई टिहरी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती वर्ष) के उपलक्ष्य में पर्यटन विभाग द्वारा 1 नवंबर से 9 नवंबर 2025 तक राज्यभर में विविध जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में बुधवार को टिहरी झील में रोमांचक वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का भव्य आयोजन हुआ, जिसने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान टिहरी झील की नीली लहरों पर बोटिंग, कयाकिंग, पैरासेलिंग और अन्य एडवेंचर गतिविधियों का रोमांचक प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने इन गतिविधियों में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। झील किनारे उपस्थित दर्शक इन मनमोहक दृश्यों को देखकर उत्साहित नजर आए।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर पर्यटन विभाग पूरे राज्य में पर्यटन जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित कर रहा है। इन कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, पर्यटन गोष्ठियाँ, एरो स्पोर्ट्स, वॉटर स्पोर्ट्स प्रदर्शन, एमटीवी साइकिल रैली और सांस्कृतिक आयोजन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश में स्वच्छ, सुरक्षित और जिम्मेदार पर्यटन की भावना को बढ़ावा देना है, साथ ही युवाओं को रोमांचक पर्यटन गतिविधियों से जोड़ना भी इसका मुख्य लक्ष्य है।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांचक पर्यटन की असीम संभावनाओं से भरा प्रदेश है, और ऐसे आयोजनों से राज्य की छवि एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में और अधिक सशक्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *