नई टिहरी। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा करने के लिए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी भी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे आपदा प्रभावित कार्यों, सड़क सुधार, आधार कार्ड कैंपों और अन्य जनसुविधा से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर मंथन करना था।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत डुंगरियाल कांडा में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त महिला मिलन केंद्र के आंगन, प्राचीन नागराजा मंदिर चौक के पुश्ते, राजकीय इंटर कॉलेज सजवाण कांडा के पीछे के पैदल मार्ग, प्राथमिक विद्यालय महर कांडा के रास्ते तथा चौरास ग्राउंड के पुनर्निर्माण से जुड़ी समस्याएं उठाई गईं।
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न इलाकोंकृरोडधार, पौड़ीखाल, बागवान, देवप्रयाग, हिंडोलाखाल, जामणीखाल, हिसारखाल, कीर्तिनगर, चौरास, थापली, चौकी, बढ़ियारगढ़, सजवाण कांडा, जखण आदि में आधार कार्ड बनाने हेतु विशेष कैंप लगाने का सुझाव रखा गया। जिलाधिकारी ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को निर्देश दिए कि एक रोस्टर तैयार कर प्रत्येक स्थान पर दो-दो दिन के लिए कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को आधार कार्ड सुविधा का लाभ मिल सके।
इसके अतिरिक्त बैठक में हिंडोलाखाल ब्लॉक अप्रोच रोड पर इंटरलॉकिंग कराने, चंद्रबदनी रोड पर कांडीखाल के समीप सड़क चौड़ीकरण, सजवाण कांडा इंटर कॉलेज में बाबू और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की तैनाती, निर्धारित अवधि से बाहर छूटे हुए जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों के निर्गमन, रेलवे कार्य के चलते बढ़ियारगढ़ में क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण, खनन न्यास से संबंधित मामलों तथा पुल बनने तक वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने जैसी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने इस अवसर पर बताया कि मणि चौरास पंपिंग योजना के लिए जायका परियोजना से सत्रह करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और जनवरी तक इसके टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।
