टिहरी। लौह पुरुष और भारत रत्न से सम्मानित सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनपद में “सरदार/150” श्रृंखला के तहत 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का आगाज़ उत्साह और देशभक्ति के माहौल में हुआ। शुक्रवार को जिला प्रशासन, माय भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डाइजर चौक, नई टिहरी से हुआ, जहां जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों को नशामुक्त और आत्मनिर्भर भारत बनाने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक संदेश बन गया।
रन फॉर यूनिटी को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ टाइगर चौक से साईं चौक, बौराड़ी तक आयोजित हुई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस, अग्निशमन दल, समाजसेवियों, पर्यावरण मित्रों और आम नागरिकों ने जोशपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के प्रति जनसंदेश देना था।

इसके उपरांत जिला सभागार, नई टिहरी में सरदार पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर सरदार पटेल के चित्र का अनावरण और माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने पुष्प अर्पित कर राष्ट्रीय एकता के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
इसी कड़ी में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी एवं एस.आर.टी. परिसर बादशाहीथौल में स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच करवाई।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस प्रकार देश को एक सूत्र में बांधकर राष्ट्रीय एकता की नींव रखी, वही भावना आज के भारत के विकास की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती से 25 नवंबर तक जनपद में एकता, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती पर राज्य आंदोलनकारियों की भावना के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन कर राज्य के विकास संकल्प को साकार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के विजन को साकार करने के लिए आने वाले 25 वर्षों में हर नागरिक को सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा।
