टिहरी। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की क्रीड़ा प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण रही क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक समापन रविवार को हुआ। इस प्रतियोगिता में कुल 26 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनके बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। फाइनल मुकाबले में हनुमान मंदिर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि आगराखाल की टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीमों को मेले के समापन दिवस पर ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आगराखाल और कुंजापुरी क्लब के बीच खेला गया। कुंजापुरी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में आगराखाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 41 रन बनाकर जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मैच भौकुछ क्लब और हनुमान मंदिर के बीच हुआ। इस मैच में हनुमान मंदिर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को 84 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में भौकुछ क्लब की टीम मात्र 59 रनों पर सिमट गई, जिससे हनुमान मंदिर की टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ निवर्तमान पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार और खेल अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लेकर किया। निर्णायक मुकाबले में हनुमान मंदिर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 111 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाज हिमांशु ने 21, सुधांशु ने 30 और मंदवाल ने 19 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। गेंदबाजी में सुधांशु ने 4 विकेट झटके, जबकि सत्येंद्र और अंकित ने 2-2 विकेट लेकर विरोधी टीम की पारी को तहस-नहस कर दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगराखाल की टीम दबाव में नजर आई और 61 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। इस तरह हनुमान मंदिर की टीम ने शानदार 50 रनों की जीत दर्ज कर इस वर्ष की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर जमकर तालियां बजाईं।
