टिहरी। आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास को लेकर प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विकासखंड थौलधार की ग्राम पंचायत पलास के पनेथ गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विस्थापन की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीणों से बातचीत की और उनके हालचाल जाने। जिलाधिकारी ने गांव के समीप चिन्हित राजस्व भूमि का मौके पर मुआयना कर वहां विस्थापित किए जाने की संभावनाओं का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार मो. शदाब ने जानकारी दी कि ग्राम पनेथ के कुल 21 परिवारों को विस्थापित किया जाना है, जिनमें से 6 परिवार अब भी गांव में रह रहे हैं। प्रशासन की ओर से विस्थापन के लिए प्रथम किश्त पहले ही जारी की जा चुकी है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि नई जगह पर बसाए जाने से पूर्व भूमि का समतलीकरण किया जाए और वहां बिजली, पानी एवं पैदल मार्ग जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभी गांव में रह रहे 6 परिवारों को प्राथमिकता पर विस्थापित किया जाए। साथ ही विस्थापित भूमि पर समतलीकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाए, ताकि पुनर्वास प्रक्रिया में देरी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि पुनर्वासित स्थल पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
