नगर पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, पीड़ित केशव थलवाल के लिए न्याय की गुहार

टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र के पट्टी ओण के कुराण निवासी केशव थलवाल द्वारा लंबगांव थाना पुलिस पर लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर मामला गरमा गया है। इस संदर्भ में लंबगांव नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि केशव थलवाल ने पुलिस पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है, जिससे न केवल उसे मानसिक आघात पहुंचा है बल्कि यह घटना देवभूमि की गरिमा को भी आहत करती है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि केशव थलवाल अत्यंत गरीब परिवार से संबंध रखता है और इस तरह की घटनाएं सामाजिक न्याय की भावना को ठेस पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस मामले में शामिल पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को लंबगांव थाने से हटाकर जनपद से बाहर भेजा जाए।

इसके साथ ही उन्होंने उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने पर जोर दिया। उनका कहना है कि यदि जांच में दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में भी रोष व्याप्त है और लोग शासन-प्रशासन से अपेक्षा कर रहे हैं कि मामले को गंभीरता से लेकर न्याय सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *