नागणी, गेहना, कुंड और बनाली गांवों में नुकसान का लिया जायजा, प्रभावितों को मिली राहत
टिहरी। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने चंबा ब्लॉक के नागणी क्षेत्र में आपदा प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ने ग्राम गेहना, कुंड और ग्रामसभा बनाली में आपदा से प्रभावित घरों और सड़कों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जानकारी दी कि गांव में चार मकानों के पुस्ते ढह गए हैं। इस पर विधायक और जिलाधिकारी ने मौके पर ही प्रभावित भादी देवी को राहत चेक प्रदान किया। इसी तरह जिजली गांव की सोनी देवी का मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि पर उनके पुत्र को भी राहत चेक दिया गया।
क्षतिग्रस्त मकानों व मार्गों की मरम्मत और विस्थापन हेतु विभागीय अधिकारियों को मिले निर्देश
स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को गांव का रास्ता टूटने और पानी की किल्लत के बारे में भी बताया। इस पर जिलाधिकारी ने तुरंत समाधान के निर्देश दिए। जिजली गांव की कौशल्या देवी के इलाज के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, पशुओं के चारे की समस्या निपटाने के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई। विस्थापन की जरूरत वाले परिवारों के लिए भूमि चिन्हित करने का कार्य पटवारी हेमंत भट्ट को सौंपा गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने कानीघाट में पुल और मार्ग क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी उठाई। इस पर विधायक और जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
