चमोली टनल हादसा: रेस्क्यू अभियान जारी, 12 श्रमिक सुरक्षित बाहर; 8 की मौत, दो की तलाश

आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने घटनास्थल पर पहुंचकर लिया रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा, बोले- हर श्रमिक की जान बेहद कीमती

 

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल, हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू और राहत अभियान लगातार जारी है। शनिवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया।

 

मंत्री ने टनल के भीतर चल रहे रेस्क्यू कार्य की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर तैनात अधिकारियों एवं बचाव दलों से अभियान की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और उपलब्ध मशीनरी एवं अन्य संसाधनों का समन्वित तरीके से अधिकतम उपयोग किया जाए।

 

12 श्रमिक सुरक्षित बाहर, 8 की मौत

 

रेस्क्यू अभियान के दौरान शनिवार को श्रमिक देवनाथ पुत्र धनसुराम को टनल से बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें उन्हें मृत घोषित किया गया।

 

प्रशासन के अनुसार टनल में फंसे कुल 22 श्रमिकों में से 12 को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 8 श्रमिकों की मृत्यु हो चुकी है। वहीं शेष दो श्रमिकों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।

 

जल निकासी और रेस्क्यू कार्य में तेजी के निर्देश

 

मदन कौशिक ने टनल के भीतर जल निकासी, रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति तथा उपलब्ध मशीनरी और तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने जल निकासी के कार्य में तेजी लाने के साथ ही टनल के भीतर रेस्क्यू टीमों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि सभी उपलब्ध संसाधनों और मशीनरी के बेहतर समन्वय से रेस्क्यू अभियान को और तेज एवं प्रभावी बनाया जाए।

 

परिजनों को दी जाए प्रमाणिक जानकारी

 

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रमिकों के परिजनों को समय-समय पर सही और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।

 

उन्होंने रेस्क्यू टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सभी टीमें पूरी तत्परता और समर्पण के साथ अभियान में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि शेष दो श्रमिकों की तलाश और सुरक्षित रेस्क्यू के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान जारी रहेगा।

 

अधिकारियों ने लिया अभियान का जायजा

 

घटनास्थल पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और रेस्क्यू टीमों के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *