नगरीय व ग्रामीण विकास योजनाओं पर टिहरी में समीक्षा बैठक, तेज़ी लाने के दिए निर्देश
सितंबर तक हर ग्राम पंचायत में समूह गठन, अगस्त अंत तक सभी लम्बित कार्य पूरे करने पर जोर
टिहरी। जनपद के विकास भवन सभागार में विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की। इस दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामोत्थान (रीप), प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विधायक निधि, सांसद निधि और सीएम हेल्पलाइन जैसी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति तेज़ करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से महात्मा गांधी नरेगा के तहत हर विकासखण्ड को सौ दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने, मानव दिवस सृजन लक्ष्य को पूरा करने और कृषि आधारित कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एनएमएमएस, एरिया ऑफिसर ऐप और सोशल ऑडिट का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए।
विधायक निधि के अंतर्गत लंबित पड़े कार्यों पर चर्चा करते हुए सीडीओ ने आदेश दिए कि वर्ष 2020-21 से अब तक के सभी 90 कार्यों को 31 अगस्त तक हर हाल में पूरा किया जाए। इसके अतिरिक्त करीब 165 कार्यों के प्रस्ताव तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। सांसद निधि के तहत प्रस्तावित सभी योजनाओं को भी शीघ्रता से पूरा करने पर बल दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) पर चर्चा करते हुए उन्होंने आवास-2024 सर्वेक्षण कार्य को गंभीरता से लेने और मोबाइल एप के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों की पुष्टि 31 अगस्त तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के संदर्भ में सीडीओ ने स्पष्ट किया कि हर शिकायत का समयबद्ध निस्तारण होना चाहिए। सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे पोर्टल के माध्यम से शिकायतकर्ताओं से सीधी वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
