टिहरी। विकासखंड प्रतापनगर में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मानी जा रही हॉट सीट पर कोटगा, बसेली कांडा से मनीषा पंवार ने बाजी मारते हुए निर्णायक जीत दर्ज की है। मनीषा पंवार को कुल 633 मत मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहीं प्रत्याशी चौहान को 412 मतों पर संतोष करना पड़ा। इस तरह मनीषा पंवार ने 221 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल कर ब्लॉक प्रमुख पद की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
वहीं दूसरी ओर, क्यारी, सुजडगांव और बौंसाडी क्षेत्र की सामान्य क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट पर मुकाबला बेहद करीबी रहा। यहां से चुनाव लड़ रहीं प्रिंसी रावत को मात्र 14 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस सीट से विशन सिंह रांगड़ को 458 वोट मिले, जबकि प्रिंसी रावत को 443 मत प्राप्त हुए। इस बेहद मामूली अंतर ने प्रिंसी रावत की ब्लॉक प्रमुख पद की संभावनाओं को गहरा झटका दिया है।
प्रिंसी रावत, जो ब्लॉक प्रमुख पद की प्रबल दावेदार मानी जा रही थीं, ने चुनाव परिणाम के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि क्षेत्र पंचायत सीट की जनता को इस समय एक ब्लॉक प्रमुख नहीं, बल्कि एक ऐसा प्रतिनिधि चाहिए था जो सीधे तौर पर उनके साथ जुड़ा रहे, और जनता ने उसी अनुसार अपना निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव हारने के बावजूद वे जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी और जनहित के कार्यों में अपना योगदान देती रहेंगी।
मनीषा पंवार की यह जीत न केवल क्षेत्रीय राजनीति में उनकी सशक्त मौजूदगी का संकेत देती है, बल्कि ब्लॉक प्रमुख पद की रेस में उन्हें सबसे मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित करती है। समर्थकों और स्थानीय जनता में इस जीत को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और अब निगाहें ब्लॉक प्रमुख पद के अंतिम चुनाव पर टिक गई हैं।
