टिहरी। जनपद में डेंगू संक्रमण की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और नगर निकायों को निर्देशित किया है कि डेंगू नियंत्रण के लिए व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से फॉगिंग की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि डेंगू जैसी संक्रामक बीमारी से बचाव केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा डेंगू की रोकथाम हेतु विभिन्न गतिविधियांकृजैसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग टिहरी गढ़वाल द्वारा डेंगू से बचाव को लेकर कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव न होने दें। कूलर, गमले, टंकियां और अन्य जल स्रोतों की नियमित सफाई करते रहें ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके। इसके अतिरिक्त, लोगों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
