टिहरी। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट व जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और कुशलता से संपन्न कराने हेतु सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा और रूपरेखा तय करना रहा। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी ने मतदान व मतगणना के लिए कार्मिकों की ड्यूटी तय करने, पोलिंग पार्टियों की समयबद्ध रवानगी, वाहनों की उपलब्धता, मतदान सामग्री की तैयारी, मतदेय स्थलों की बैरिकेडिंग, कार्मिकों के रहने-खाने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य दल की तैनाती, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पंचायत चुनाव 2025ः टिहरी में चुनावी तैयारियों की गूंज, हर स्तर पर समन्वय और सतर्कता की अपील
समस्त उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) और विकास खंड अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी और पटवारी के माध्यम से सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएं (एएमएफ) पूरी करवाना सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) को मतदान सामग्री की चेकलिस्ट तैयार करने, पीए सिस्टम की उपलब्धता, मतदाताओं की कतारों की व्यवस्थित व्यवस्था, साइनेज की स्पष्टता तथा केंद्रों पर कार्मिकों के ठहरने की उचित सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों और कार्मिकों से परस्पर समन्वय के साथ धैर्यपूर्वक और निष्पक्ष तरीके से चुनाव प्रक्रिया संचालित करने की अपील की और उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुण अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम संदीप कुमार सहित सभी नोडल अधिकारी, विकास खंड अधिकारी, आरओ, एआरओ और अन्य संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
