नई टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल ने मंगलवार को जिला सभागार नई टिहरी में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता पर बल दिया, बल्कि जनपद के समग्र विकास में मीडिया की भूमिका को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। बैठक की शुरुआत में न्यू टिहरी प्रेस क्लब अध्यक्ष सहित पत्रकारों ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
जिलाधिकारी ने संवाद के दौरान कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सुगमता से पहुंचे, इसके लिए सेवाओं की प्रक्रिया को और सरल बनाना होगा, जिससे लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाएं जैसे कि रीप और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को धरातल पर प्रभावी रूप से उतारना प्राथमिकता है।
उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे अपने संस्थानों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और नीतियों का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करें, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंच सके। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा प्रबंधन में मीडिया की भूमिका निर्णायक हो सकती है, ऐसे में समय पर सूचना का आदान-प्रदान और प्रशासनिक सहयोग बेहद आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह तंत्र न केवल समाज का मार्गदर्शन करता है, बल्कि प्रशासन की आंख और कान भी बनता है। उन्होंने बताया कि जनपद टिहरी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद समृद्ध है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने इसे ष्टूरिज्म हबष् के रूप में विकसित करने की दिशा में मिलकर प्रयास करने की बात कही।
उन्होंने मीडिया से यह भी आग्रह किया कि वे प्लास्टिक मुक्त अभियान, स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और ट्रैफिक प्रबंधन जैसी जनजागरूकता से जुड़ी पहल को सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही, उन्होंने पत्रकारों से जनपद की प्रमुख समस्याओं को चिन्हित करने और प्रशासन को आवश्यक सुझाव देने की बात भी कही, ताकि जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके।
