ग्रीष्मकालीन शिविर का रंगारंग समापन, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मोहा मन

नई टिहरी। राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढुंगीधार, नई टिहरी में आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप) का समापन शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। पांच दिवसीय इस शिविर में विद्यार्थियों को न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया गया, बल्कि उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को भी मंच प्रदान किया गया।
27 से 31 मई तक चले इस शिविर में छात्र-छात्राओं ने योगासन, खेलकूद, क्राफ्ट, मिट्टी के कार्य, पिक्टो ब्लॉक गेम्स, पहेलियों, प्रेरक कहानियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। योगाभ्यास, सूर्य नमस्कार और ध्यान जैसी क्रियाओं के माध्यम से बच्चों को शारीरिक व मानसिक संतुलन का महत्व बताया गया। खेल गतिविधियों में कुर्सी दौड़, कैरम, लूडो, खो-खो और क्रिकेट ने बच्चों को न केवल आनंदित किया, बल्कि उनमें टीम भावना और खेल भावना का भी संचार किया।
शिविर के अंतिम दिन छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक लोक परिधानों में रैम्प वॉक कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके अतिरिक्त रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियों ने विशेष रूप से छात्राओं की प्रतिभा को उजागर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुत किए गए लोकगीत, नृत्य और अभिनय ने समापन समारोह को उल्लासपूर्ण बना दिया।
विद्यालय के शिक्षक रविंद्र सिंह खाती ने बताया कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर का उद्देश्य छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारना और उन्हें आत्मविश्वास व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देना था। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर छात्रों में रचनात्मक सोच, अनुशासन और सहभागिता की भावना विकसित करते हैं।
समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा संगीता देवी, योग प्रशिक्षक जयप्रकाश डंगवाल, विजयलक्ष्मी रतूड़ी, मोर सिंह असवाल, विजय जोशी, करन सिंह, बागेश्वरी उनियाल, रेखा पंवार, सरस्वती देवी, अनीता देवी सहित अनेक अभिभावक और ग्रामवासी भी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर की सराहना करते हुए इसे बच्चों के समग्र विकास के लिए एक प्रशंसनीय पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *