चमोली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली गौचर के प्राचार्य आकाश सारस्वत के निर्देशन में गणित को अबेकस के माध्यम से अधिक रुचिपूर्ण बनाने हेतु आयोजित 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। प्रशिक्षण में जनपद के कुल 45 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
समापन अवसर पर प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि शोधों से सिद्ध हुआ है कि अबेकस के माध्यम से मस्तिष्क के दाएं और बाएं दोनों भाग सक्रिय होते हैं। बच्चों को कम आयु में अबेकस सिखाने से उनकी स्मृति, गति और गणितीय शुद्धता में उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते स्क्रीन टाइम के दौर में अबेकस एक प्रभावी शैक्षणिक उपकरण है, जो गणितीय संक्रियाओं को खेल-खेल में सरल बनाता है।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने पूर्ण मनोयोग से अभ्यास कार्य किया। प्रतिभागी अब अपने-अपने विद्यालयों में पहले सहकर्मी शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे और विद्यार्थियों को मानसिक गणित के माध्यम से जोड़, घटाव और गुणा जैसी संक्रियाएं सरल ढंग से सिखाएंगे।
समापन सत्र में वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, वीरेंद्र सिंह कठैत, कमलेश मिश्र, बचन जितेला, नीतू सूद, योगेंद्र बर्त्वाल सहित संदर्भदाता गोपाल कपरुवान और रंजन बिष्ट उपस्थित रहे।
समग्र शिक्षा उत्तराखंड द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त विद्यालयों को 16 छात्र अबेकस एवं एक मास्टर अबेकस प्रदान किए गए, जिनका उपयोग शिक्षक शीघ्र ही विद्यालयों में प्रारंभ करेंगे।
