जनता दरबार में डीएम नितिका खण्डेलवाल ने सुनीं 40 शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
नई टिहरी। जनपद के जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें एवं आवेदन पत्र पंजीकृत किए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता न बनकर धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं के तहत आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग कर लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में भूमि, उद्यान, पेयजल और आपदा से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए। पट्टी बमुण्ड के ग्राम सौड निवासी सुरमा देवी ने मंसूरी फल पट्टी योजना के अंतर्गत स्वीकृत पट्टे को अपने नाम पुनर्जीवित करने की मांग रखी, वहीं ग्राम हटवालगांव निवासी बुद्धि ने पुनर्वास प्लॉट में फलदार वृक्ष कटान की अनुमति मांगी। इन मामलों में जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा गूलर पट्टी दोगी के ग्राम लोयल निवासी रमेश सिंह पुण्डीर ने कारगिल शहीद जगत सिंह मोटर मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के निर्माण की मांग उठाई, जिस पर आपदा प्रबंधन अधिकारी को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। तहसील गजा के ग्राम पाली में पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत पर एसडीएम नरेंद्रनगर को जांच के आदेश दिए गए।
आपदा से प्रभावित मामलों में पट्टी खास जाखणीधार के ग्राम गेंवली के निवासियों द्वारा सड़क क्षति से मकानों को नुकसान की शिकायत पर आपदा प्रबंधन विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए विकासखंड जाखणीधार के पालकोट निवासी सुंदर सिंह को कंबल और स्वेटर भी प्रदान किया। वहीं प्रतापनगर के मुखमाल गांव चाका के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अवधेश कुमार, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसडीएम टिहरी स्नेहिल कुंवर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
