देहरादून। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए दून पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ बलात्कार करने के आरोपी को रायपुर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर क्षेत्राअधिकारी विवेक कुटियाल ने बताया कि रायपुर निवासी एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि रोहित ठाकुर नामक युवक ने उनकी बेटी को शादी का झांसा दिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए, थाना रायपुर में तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर, थाना रायपुर की एक विशेष टीम ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश की। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी रोहित ठाकुर को जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
