थराली। देवाल के नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख तेजपाल सिंह रावत ने एक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने बतौर मजिस्ट्रेट शपथ दिलाई। इसके बाद प्रमुख ने जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, कनिष्ठ प्रमुख पिंकी देवी सहित सदस्यों को शपथ दिलाई।
ब्लाक प्रमुखों के शपथग्रहण समारोह के तहत ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थराली विधायक भूपाल राम टम्टा विशिष्ट अतिथि सीएम कोर्डिनेटर दलबीर दानू, अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह बिष्ट खंड विकास अधिकारी जयदीप बेलवाल आदि ने सरस्वती के छाया चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद बतौर मजिस्ट्रेट लोनिवि के ईई रमेश चंद्र ने तेजपाल सिंह रावत को 8 वें ब्लाक प्रमुख के रूप में शपथ दिलाई।
प्रमुख ने जेष्ठ प्रमुख, कनिष्ठ प्रमुख एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। कन्या हाईस्कूल देवाल की छात्राओं के अलावा स्वयं सहायता समूह कैल की महिलाओं ने अतिथियों का स्वागत में गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर विधायक टम्टा ने नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों एवं मौजूद अतिथियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई दी।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि आम जनता ने जो विश्वास नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों उन पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे ऐसी उन्हें अपेक्षा है। विधायक ने कहा कि गांव के विकास के लिए उनसे जो भी सहयोग पंचायत प्रतिनिधियों को अपेक्षा होगी वें सहयोग करते रहेंगे। कहा कि आपदा के इस दौर में सभी को मिलजुलकर आपदा पीड़ितों के घावों पर मरहम लगाने का प्रयास करना होगा।
